मीन राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष व्यापार के क्षेत्र में विशेष सफलता दिलाने वाला है तथा व्यावसायिक क्षेत्र में परिवर्तन भी करवाएगा। कारखाना निर्माण कार्य व औद्योगिक क्षेत्र में पुरानी मशीनरी में बदलाव होगा। बैंकिंग संबंधी परेशानी दूर होगी। यदि साझेदारी का व्यापार है तो साझेदार के कारण व्यापार को नई ऊंचाइयों तक जाने में इस वर्ष सफलता प्राप्त होगी। शेयर मार्केट से भी लाभ प्राप्त कर पाएंगे। यदि नौकरीपेशा हैं तो आप अपनी वर्तमान नौकरी से इस्तीफा देकर नई नौकरी के लिए कोशिश करें, अच्छा लाभ मिलेगा। यदि आप सामाजिक कार्य से जुड़े हैं तो आपको राजनीतिक पार्टी अपने साथ जोड़ सकती है। यह वर्ष बकाया राशि की प्राप्ति का रहेगा व पुरानी संपत्ति की बिक्री होगी। नए वाहन की खरीदी भी हो सकती है। अप्रैल-मई में पारिवारिक व्यापार से अलग होकर नया कार्य करने से घर में तनाव बढ़ेगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व बढ़ेगा। एलर्जी, हार्मोन्स, रक्तचाप, उदर विकार एवं हृदय रोगों के साथ घटना का भय रहेगा। सितंबर-अक्टूबर में विदेश यात्रा का सुख मिलेगा। धार्मिक यात्रा से लाभ होगा। ग्रहों का प्रभाव पदोन्नति के साथ ही स्थान परिवर्तन दिलाएगा। विद्यार्थी वर्ग को एकाग्रता एवं श्रम से सफलता मिलेगी। व्यापारी वर्ग के लिए यह वर्ष उत्तम रहेगा। कृषि वर्ग के लिए यह वर्ष अनुकूल रहेगा। नौकरी वर्ग वालों के लिए यह वर्ष परिवर्तन वाला रहेगा। महिला वर्ग के लिए साल पहले से कम कष्ट वाला रहेगा। इस वर्ष विष्णुपूजन व अनाज का दान करना लाभदायक रहेगा।